दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण, पहाडों में ठंडी हवा की शुरुआत

    14-Oct-2025
Total Views |


नई दिल्ली। उत्तर भारत मॉनसून की वापसी के साथ ही मौसम में बदलाव होने लगा है। मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम तो शुष्‍क बना हुआ है लेकिन तापमान में गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है तो मैदानी इलाकों में गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर की सुबहें अब हल्की ठंड के साथ शुरू हो रही हैं और हवा में नमी बढ़ने लगी है। उत्तर प्रदेश से लेकर मध्‍य प्रदेश और दिल्‍ली तक अब ठंड का अहसास होने लगा है। इन इलाकों में जहां रातें ठंडी हैं तो दिन में हल्‍की गर्मी का अहसास अभी भी हो रहा है। दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से 0.6 डिग्री कम है। सोमवार लगातार चौथा दिन था जब 2025-26 के शीतकालीन मौसम के लिए न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मंगलवार को आसमान रहेगा साफ

आईएमडी ने मंगलवार को आसमान साफ ​​रहने का अनुमान लगाया है, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही, दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड  के अनुसार, शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 189 दर्ज किया गया, जो इसे 'मध्यम' श्रेणी में रखता है।

उत्तराखंड में ठंड जारी

उत्तराखंड में इन दिनों सर्द हवाएं चलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। इससे राज्यभर में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। लोगों को सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगा है। हल्‍की हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। मैदानी हिस्सों में कई जगहों पर दिन में चटख धूप खिली रहती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाएं माहौल को ठंडा कर देती हैं।