
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को ICAR-IIMR लुधियाना में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब के बाढ़ पीड़ित किसानों को राहत के लिए 74 करोड़ रुपये की राशि केंद्र सरकार की तरफ से जारी कर दी गई है। कृषि मंत्री ने कहा कि बागवानी फसलों के नुकसान की भरपाई की जाएगी और बागवानों को मुनाफा भी दी जाएगी। इस अवसर कृषि मंत्री ने मक्का हितधारकों और SHG दीदियों के साथ संवाद भी किया। इस राशि से किसानों को मुफ्त में गेहूं के बेज मिल सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सरसों के बीज के लिए 3 करोड़ 24 लाख रुपये पंजाब सरकार को दे दिए गए हैं। इस राशि से बाढ़ प्रभावित किसानों को मुफ्त में सरसों के बीज दिए जाएंगे।
बागवानी फसलों के नुकसान की भरपाई
पंजाब में विनाशकारी बाढ़ ने कई किसानों को तबाह कर दिया। लाखों हेक्टेयर फसल डूब गई, घर बर्बाद हो गए, 15 दिनों तक पानी भरा रहा। बागवानी में भी अगर यहां नुकसान हुआ है तो हम उसके लिए भी एमआईडीएच योजना के तहत भी राशि भेजने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 11 लाख 9 हजार किसानों को 222 करोड़ रूपए एडवांस में खातों में डाल दिए गए हैं, ताकि उनकी फसल के लिए राशि काम आ सके।
14 हजार मकानों के लिए राशि जारी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की सेवा ही हमारे लिए पूजा है। उन्होंने कहा कि हमें पंजाब में बाढ़ से 14 हजार मकान के क्षतिग्रस्त होने की सूची मिली थी। हमारी सरकार ने इन मकानों की मरम्मत के लिए राशि जारी कर दी है। हर मकान को बनाने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये दिए गए हैं. साथ ही 40 हजार रुपये अलग से मजदूरी और शौचालय बनाने के लिए दिए गए हैं।