अंगूर के बागों में बारिश ने मचाई तबाही, 40 प्रतिशत से कम होगा उत्पादन

    16-Oct-2025
Total Views |



नई दिल्ली। महाराष्ट्र का नासिक, जिसे देश की अंगूर राजधानी कहा जाता है, इस साल मौसम की अनियमितताओं की वजह से सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। मई महीने से लगातार हो रही बारिश ने जिले के अंगूर बागानों को बुरी तरह प्रभावित किया है। किसानों का अनुमान है कि इस साल अंगूर उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है और इस वजह से कटाई का समय भी पीछे खिसक सकता है।

बारिश से नुकसान

बिजनेस लाइन की खबर के अनुसार, किसानों का कहना है कि पिछले दो महीनों से लगातार बारिश होने के कारण अंगूर के बागों में जलभराव हो गया है। इसके कारण बेलों की वृद्धि प्रभावित हुई और फूल समय पर नहीं खुले। लगातार बारिश की वजह से प्रति एकड़ करीब 10 से 12 टन फसल की हानि हो सकती है। कई बागों में अंगूर के गुच्छे समय से पहले गिर गए और फूलों की संख्या भी कम हो गई।  इस तरह के हालात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि उत्पादन कम होने से उनकी आमदनी पर भी असर पड़ेगा।

अंगूरों की गुणवत्ता पर असर

विशेषज्ञों का माने तो लगातार भीगी हुई परिस्थितियों से नासिक के अंगूरों की गुणवत्ता और निर्यात क्षमता पर भी असर पड़ सकता है। ज्यादा नमी और जलभराव से फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, जिससे बेलों में फल समान रूप से नहीं आते। जिले में अब तक लगभग 30 प्रतिशत की हानि का अनुमान लगाया गया है, लेकिन किसानों का कहना है कि पूरी हानि का आंकलन अभी बाकी है।