यह बागवान कर रहे सेब की खेती, बिहार की गर्म धरती पर जम्मू-हिमाचल जैसी पैदावार

    19-Oct-2025
Total Views |


नई दिल्ली। बिहार के रोहतास जिले के काराकाट की जमीन पर किसान अब सेब की खेती कर रहे है।यहां के बंजर जमीन पर किसान धर्मेंद्र पांडेय मेहनत और नई तकनीक से सेब की बागवानी कर रहे है। बिहार के गर्म इलाके में जम्मू-हिमाचल जैसे सेब उगाकर वे लाखों की आमदनी कर रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। काराकाट प्रखंड के जमुआं गांव के किसान धर्मेंद्र पांडेय ने इसी बात को सच कर दिखाया। कभी अपनी जमीन को बेकार मानने वाले धर्मेंद्र ने मेहनत और नए तरीके से खेती कर आज बंजर भूमि को हरियाली से भर दिया है।

बंजर जमीन पर उपज रहा है सेब

धर्मेंद्र पांडेय के पास एक एकड़ जमीन थी जो वर्षों तक अनुपजाऊ पड़ी रही। उस पर जंगली घास उगती थी और वे उसे लगान देने लायक भी नहीं समझते थे। लेकिन आज उसी जमीन पर फल से लदे सेब के पेड़ लहरा रहे हैं। यह बदलाव उनकी सोच, मेहनत और नई तकनीक अपनाने का परिणाम है। धर्मेंद्र के अनुसार जब उन्होंने राजस्थान जैसे गर्म इलाके में सेब के पेड़ फलते देखे, तो उन्हें अपने गांव में भी इस प्रयोग को करने की प्रेरणा मिल। नवनी विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक प्रो. जब्बार सिंह और विनोद शर्मा ने उन्हें तकनीकी सहायता दी। मिट्टी की जांच के बाद उन्होंने वहीं से सेब की 40 पौध लगाई। पहले साल के मुनाफे ने उनका आत्मविश्वास और बढ़ा दिया।

एक सीजन में 10 लाख आमदनी

पहले लगाए गए पौधों से अच्छा मुनाफा मिलने पर उन्होंने और पौधे लगाने की ठानी।हर पौधा दो से ढाई हजार रुपये की लागत में तैयार होता है और उससे लगभग 50 किलो फल निकलता है। उनके चार सौ पौधों से लगभग दस लाख रुपये की आमदनी का अनुमान है। पौधों के शाखा विस्तार के साथ उत्पादन और लाभ दोनों बढ़ते जा रहे हैं।