
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के सोलन व परवाणू मंडी में अब सेब सीजन अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचने लगा है।दोनों क्षेत्रों से आने वाले सेब अब बाहर कम ओर कोल्ड स्टोर में रखा जा रहा है। एपीएमसी से प्राप्त आंकडों पर नजर दौडा़ई जाए तो अभी तक सोलन सेब मंडी में 19 लाख के करीब सेब के बॉक्स मंडी में पहुंचे हैं। जबकि परवाणू सेब मंडी में 10 लाख के करीब सेब के बॉक्स पहुंचे हैं। इन दिनों सोलन सेब मंउी में किन्नौर का सेब आ रहा है। जहां पहले मंडियों में दस से बारह हजार सेब के बॉक्स पहुंच रहे थे। वहीं अब उनकी संख्या कम होकर 6500 बॉक्स के करीब रह गई है।
दिपावली तक सीजन होगा खत्म
इससे साफ प्रतीत हो रहा है कि सेब सीजन खत्म होने की कागार पर पहुंच गया है। जानकारी अनुसार दिपावली तक सेब सीजन खत्म हो जाएगा। इन दिनों स्पर, रॉयल, गोल्डन सहित अन्य सेब की किस्में पहुच रही है। दोनों मंडियों में सेब सीजन की शुरूआत 27 जून से हुई थी। सीजन शुरू होते ही बाहरी राज्यों से आढ़ती आना शुरू हो जाते हैं। सेब के किसानों को बेहतर दाम मिले हैं। 1500 से लेकर 2500 तक सेब का बॉक्स बिका है। इस बारे में जानकारी देते हुए एपीएमसी के सचिव राघव सूद ने बताया कि अब सेब सीजन खत्म होने वाला है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी सेब के कम ही बॉक्स पहुंचे हैं। बताया कि दन दिनों किन्नौर का सेब मंडी में पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक सोलन में 19 लाख व परवाणू मंडी में 10 लाख सेब के बॉक्स पहुंचे हैं।