
नई दिल्ली। भारत में पिछले एक साल में कई जगहों पर आग लगने की घटना सामने आई है। अध्ययन में पता चला है कि 2024-25 में जंगलों में लगी आग से भारत में करीब 1.5 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें ये भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश इस आग से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य रहा, जहां अब तक का सबसे भयानक जंगलों की आग का मौसम दर्ज किया गया।वैज्ञानिकों के अनुसार, फसल जलाने, तेज गर्मी और सूखी घास/ईंधन के जमाव के कारण उत्तर प्रदेश में आग की घटनाएं बढ़ीं। इसके चलते उत्तर प्रदेश करीब 46 लाख लोग प्रभावित हुए। वहीं पंजाब में लगभग 35 लाख लोग प्रभावित हुए। इसका अच्छा खासा असर राजधानी दिल्ली पर भी पड़ा, जहां नवंबर 2024 में धुंध बहुत गंभीर हो गई थी।
आर्थिक नुकसान और खतरा
अध्ययन के अनुसार भारत में सबसे ज्यादा संपत्ति ₹3.6 लाख करोड़ या USD 44 अरब जंगलों की आग के खतरे में रही। इसके बाद अमेरिका और चीन का स्थान रहा। 10 करोड़ लोग दुनिया भर में जंगलों की आग से प्रभावित हुए।
3.7 मिलियन वर्ग किलोमीटर का इलाका जल गया
इसके साथ ही 3.7 मिलियन वर्ग किलोमीटर इलाका जल गया, यह भारत के कुल क्षेत्रफल से भी ज्यादा है। इससे 8 अरब टन से ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित हुई, जो सामान्य औसत से 10% अधिक है। आग से सबसे ज्यादा नुकसान दक्षिण अमेरिका और कनाडा में हुआ, जो मानव-जनित जलवायु परिवर्तन के कारण और ज्यादा भयानक हुई।