यह किसान फूलों की खेती से बना लखपति

    28-Oct-2025
Total Views |




नई दिल्ली। झारखंड के पलामू जिले के बागवान फूल की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। हालांकि हमेशा से ऐसा नहीं था, 20 साल पहले उनके लिए सब्जी की खेती करते हुए घर चलाना मुश्किल हो रहा था, तब उन्होंने फूल की खेती करना शुरू किया। आज वो इससे तगड़ी कमाई कर रहे हैं।पलामू जिले के रहने वाले बागवान संतोष कुमार संतोष मालाकारके नाम से दुकान चलाते हैं, जो फूलों की खेती भी करते हैं।

सब्जियों की खेती छोड़ की फूलों की बागवानी

संतोष कुमार पहले पारंपरिक तरीके से सब्जियों की खेती करते थे, लेकिन बाजार में कम मुनाफे और बढ़ती लागत ने उन्हें नई दिशा में सोचने को मजबूर किया। एक बार बाहर घूमने के दौरान उन्होंने फूलों की खेती का तरीका देखा। वहीं से उन्हें प्रेरणा मिली और उन्होंने तय किया कि अब कुछ अलग करना है।

मेहनत ने लाया रंग

संतोष ने पट्टे पर ली गई 6 बीघा जमीन में गेंदा, गुलाब, रजनीगंधा और चीनाचेरी जैसे फूलों की खेती शुरू की। शुरुआत में थोड़ी मुश्किलें आईं, लेकिन मेहनत और लगन ने उन्हें आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि एक कौड़ी में लगभग 20 लरी लगते हैं और वे सालभर में 300 से 400 रुपये प्रति कौड़ी के हिसाब से बेचते हैं। इसके अलावा अलग-अलग फूलों के अलग-अलग रेट हैं, लेकिन त्यौहारों पर गेंदा के फूल की मांग बहुत ज्यादा होती है।

एक साल में 10 लाख की कमाई

संतोष ने आगे बताया कि आज वे फूलों की खेती से सालाना करीब 10 लाख रुपये तक की बचत कर लेते हैं। यह खेती न केवल उनके लिए बल्कि उनके परिवार और आसपास के लोगों के लिए भी फायदेमंद साबित हुई है। फूलों की लगातार मांग से उन्हें बाजार में अच्छा दाम मिलता है।