कानपुर में तैयार होगा मलेशिया का लाल अमरूद और बारबाडोस

    12-Nov-2025
Total Views |


नई दिल्ली। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में अखिल भारतीय किसान मेला का आयोजन किया गया। किसान मेले में मलेशिया के लाल रंग के अमरूद, बारबाडोस की चेरी को काफी पसंद किया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को एक साथ कई फसलों की बोआई करने का तरीका भी बताया। इस मेले में 30 लाख रुपये से अधिक के बीजों की बिक्री हुई। इसी के साथ दो दिवसीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व बिहार के किसान भी शामिल हुए।

जल्द ही बागवानों को मिलेंगे पौधे

 विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय के डीन प्रो. वीके त्रिपाठी ने बताया कि मलेशिया का लाल अमरूद, बारबाडोस की चेरी और ड्रैगन फ्रूट को शहर की जलवायु के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसका सफल ट्रायल विवि की बागवानी में हो चुका है। जल्द ही इसकी पौध किसानों के लिए भी उपलब्ध होगी।

बागवानी के साथ अन्य फसलों की करें खेती

विश्वविद्यालय के बागवानी के जानकारों के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में जहां उपजाऊ मिट्टी हो वहां पर आम, अमरूद, लीची, जामुन आदि के बीच स्वच्छ प्रणाली के साथ कटहल, पपीता, फालसा और हल्दी की खेती कर किसान अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकते हैं। जहां कम स्थान हो वहां अमरूद और आम की उच्च सघन बागवानी तकनीक अपनाई जा सकती है।