
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभागने आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में ठंड और तेज होने चेतावनी जारी की। मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर तक मध्य प्रदेश, दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु, केरल में एक-दो दिन भारी बारिश के आसार हैं। विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में पश्चिम मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण ठंड की स्थिति रही।
दिल्ली में तापमान नीचे
दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री के बीच रहा। सफदरजंग और पालम हवाई अड्डे पर सुबह के समय 600 से 700 मीटर तक की दृश्यता दर्ज की गई।
कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में 11-12 नवंबर को गंभीर शीतलहर की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा 13 से 15 नवंबर के दौरान छत्तीसगढ़, दक्षिण हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान गिरने के आसार हैं। विभाग ने कहा कि अगले एक सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड की तीव्रता बनी रहेगी।