सिर्फ 2 बीघा में गेंदा की फूल लगाकर तगड़ी कमाई करता है गोंडा के यह किसान

    15-Nov-2025
Total Views |


नई दिल्ली।उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में किसान अपनी मेहनत और नई सोच साथ हों तो बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं। गोंडा जिले के विकासखंड नवाबगंज के ग्राम सभा खरगूपुर के किसान विजय कुमार पांडेय ने यही कर दिखाया है। उन्होंने पारंपरिक खेती छोड़कर गेंदा के फूल की खेती शुरू की और आज उनका नाम अयोध्या में मशहूर हो गया है। शुरुआत में विजय कुमार ने अपने खेत के एक छोटे हिस्से में फूल लगाए थे, लेकिन जब मंदिरों, सजावट और पूजा-पाठ के लिए फूलों की मांग बढ़ी, तो उन्होंने इसे बड़े स्तर पर शुरू किया। अब वह अयोध्या और आसपास के इलाकों में रोज बड़ी मात्रा में फूल सप्लाई कर रहे हैं।

गेंदा के फूल से लाखों की आमदनी

 विजय कुमार पांडेय ने बताया कि गेंदा के फूलों का इस्तेमाल शादी-ब्याह, पूजा-पाठ और सजावट में बहुत होता है। अयोध्या में भगवान राम मंदिर के निर्माण और धार्मिक आयोजनों की वजह से फूलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इस वजह से उनकी आमदनी अब लाखों रुपये तक पहुंच गई है।

गेंदा की फूल में लागत

विजय कुमार पांडेय बताते हैं कि वह दो बीघा में गेंदा के फूल की खेती कर रहे हैं। इस खेती में लगभग 20 हजार रुपए की लागत आई है। उन्होंने बताया कि अब तक की हुई फूलों की बिक्री से लागत निकल चुकी है और आगे की बिक्री पूरी तरह उनका मुनाफा होगी। विजय कुमार के अनुसार फूलों की खेती छोटे और बड़े दोनों किसानों के लिए मुनाफे का अच्छा जरिया बन सकती है।