ठंड के मौसम में इन फूलों की खेती से होगी मोटी कमाई

    23-Nov-2025
Total Views |



नई दिल्ली। नवंबर का महीना चल रहा है और इसी महीने से सर्दी का मौसम शुरू हो जाता है। यह मौसम खेती के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। साग-सब्जी हो या फूल, इनकी खेती करके किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। साथ ही किचन गार्डन में भी सब्जी और फूल उगाए जा सकते हैं। अगर आप भी अपने बगीचे, बालकनी या खेत को फूलों से सजाना चाहते हैं, तो यह समय बिल्कुल सही है। इस महीने लगाए गए पौधे न केवल खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि घर के माहौल को भी ताजगी से भर देते हैं।

क्या कहते है कृषि वैज्ञानिक

देवघर के कृषि विज्ञान केंद्र के सीनियर वैज्ञानिक डॉ राजन ओझा के अनुसार देवघर देवों की नगरी है और यहां सालभर फूलों की भारी मांग रहती है। अगर किसान यहां फूलों की खेती करें, तो अच्छा खासा मुनाफा कमा सकते हैं। नवंबर-दिसंबर के महीने में गेंदा, गुलाब, डहेलिया आदि फूलों की खेती के लिए सबसे बेहतरीन माने जाते हैं।

 
देवघर में गेंदा फूल की सबसे ज्यादा मांग

देवघर के मंदिरों में गेंदा फूल की सबसे ज्यादा खपत होती है। इसके साथ ही शादी-ब्याह के सीजन में भी गेंदा और अन्य फूलों की मांग बढ़ जाती है। अगर किसान सही से खेती करें तो सीजन में एक लाख रुपये से भी ज्यादा आमदनी गेंदा फूल की खेती से हो सकती है।

गेंदा की खेती का तरीका

सबसे पहले खेत की गहरी जुताई की जाती है और उसे समतल कर गोबर की खाद डाली जाती है। इसके बाद दो-दो फीट की दूरी पर गड्ढे खोदकर गुलाब और गेंदा के पौधे लगाए जाते हैं। फूलों की नियमित सिंचाई और देखभाल के बाद, गुलाब केवल 4 से 5 महीने में तैयार हो जाता है, जबकि गेंदा लगभग 55 से 60 दिनों में फूल देता है।