
नई दिल्ली। मंगलवार से एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। जिससे माना जा रहा है कि इसकी वजह से अब दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में तापमान में गिरावट हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो न्यूनतम तापमान में अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। यह भी माना जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से पहाड़ों को प्रभावित करेगा।
चलेंगी ठंडी हवाएं
वहीं इस सीजन में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 26 अक्टूबर को 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बता दें कि नवंबर के अंत तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी नीचे चला जाता है। पिछले साल, नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 29 नवंबर को 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। साल 2023 में, 23 नवंबर को यह 9.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। 'दिल्ली-एनसीआर में मुख्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। इसका असर पहाड़ों पर पड़ेगा और ताजा बर्फबारी के बाद, गुरुवार रात से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे पारे में तेज गिरावट आएगी।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अधिकांश इलाकों में मौसम साफ बना रहा। जबकि शिमला, कुल्लू मनाली और लाहौल स्पीति में दोपहर बाद से आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। मंगलवार को रोहतांग दर्रा और लाहौल घाटी की ऊंचाई वाली चोटियों में ताजा हिमपात भी देखने को मिला। प्रदेश में आज भी मौसम खराब होने को लेकर कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।