
नई दिल्ली। उत्तर भारत में आखिरकार सर्दियां पूरी तरह से आ गईं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जहां सबसे ठंडी रात दर्ज की गई तो वहीं हिमाचल प्रदेश में भी सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। वहीं पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी तापमान गिरने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा तेजी से गिरेगा क्योंकि एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ चुका है। इसकी वजह से पहाड़ों पर बर्फ गिरेगी जिससे मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा होगा।
गिरा पारा
दिल्ली में भी इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां पारा 12.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इस सर्दी में यह पहली बार था जब न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया। भारत मौसम विज्ञान विभागके अनुसार, यह तापमान साल के इस समय के लिए सामान्य से तीन डिग्री कम था और एक दिन पहले दर्ज किए गए 18.4 डिग्री सेल्सियस से काफी कम था। पंजाब और हरियाणा में भी तापमान तेजी से गिरने लगा है। गुरुवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में -2.7 डिग्री सेल्सियस से कम था।
अचानक ठंड बढ़ने के कारण
पश्चिमी हिमालय में हुई बर्फबारी के बाद दिल्ली में चल रही ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ रात के आसमान के कारण अचानक ठंडक आई है। जिससे विकिरणीय शीतलन बढ़ा। पहाड़ों में ताजा बर्फबारी के बाद अब ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसका असर न्यूनतम तापमान पर पड़ रहा है।इस साल का न्यूनतम तापमान 26 अक्टूबर को 15.8 डिग्री सेल्सियस था। आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान आमतौर पर नवंबर के अंत तक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है।