बरेली के जीआरएम में डीआईजी ने किया दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन

    16-Dec-2025
Total Views |

नई दिल्ली। गुलाब राय मांटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड ब्रांच बरेली में शनिवार को आयोजित दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारम्भ डीआईजी, बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने भव्य अंदाज़ में किया। उन्होंने फीता काटकर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इसके बाद फूलों की आकर्षक श्रृंखला का गहन अवलोकन किया।प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर परिसर खुशबू, रंग और हरियाली से सराबोर नजर आया। विविध प्रजातियों के फूलों से सजी प्रदर्शनी ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

फूलों के बीच रहने से सुकून का अनुभव: डीआईजी

इस अवसर पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने जीआरएम प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पुष्प प्रदर्शनी बच्चों में फूलों और पौधों के प्रति प्रेम को बढ़ावा देती है। ऐसे आयोजनों से बच्चे अपने घरों में भी विभिन्न प्रकार के पौधे लगाते हैं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होते हैं। उन्होंने कहा दिनभर की प्रशासनिक कार्यशैली में कागजों के बीच रहने के बाद फूलों की इस दुनिया में आना आंखों और मन दोनों को सुकून देता है।

फूलों की सुंदरता के पीछे मेहनत की खुशबू

डीआईजी ने कहा कि प्रदर्शनी में मौजूद फूलों की विविधता अद्भुत है। जितनी प्रशंसा इन फूलों की हो रही है, उतनी ही प्रशंसा उन लोगों की भी बनती है, जिन्होंने पौधों की देखभाल और विशेष रख-रखाव किया है। उन्होंने कहा कि पौधों की सुंदरता में उनके संरक्षण और मेहनत का बड़ा योगदान होता है।