गुलाब के साथ कौन से पौधे लगाएं, जानें सबसे अच्छे सहक्रमी पौधे

    26-Dec-2025
Total Views |


नई दिल्ली। अगर आप अपने बगीचे में गुलाब की खूबसूरती और फूलों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो यह जानना जरूरी है कि गुलाब के साथ कौन से पौधे लगाएं। सही साथी पौधे न केवल गुलाब की वृद्धि को तेज करते हैं बल्कि उसे कीटों और बीमारियों से भी सुरक्षित रखते हैं। कुछ पौधे तो ऐसे होते हैं जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाकर गुलाब को और भी ज्यादा ताजगी और रंगत देते हैं। गुलाब के आस-पास सही पौधे लगाने से न केवल पौधे की उम्र बढ़ती है बल्कि उसका फूलना भी अधिक नियमित और घना होता है। ये पौधे बगीचे में एक प्राकृतिक संतुलन बनाते हैं, जिससे हर पौधा एक-दूसरे की वृद्धि में मदद करता है। चलिए जानते हैं कि गुलाब के सबसे अच्छे साथी पौधे कौन से हैं, जो आपके गुलाब को स्वस्थ, सुगंधित और आकर्षक बना देंगे।

गुलाब के साथ कौन से पौधे लगाने चाहिए

गुलाब का पौधा जितना खूबसूरत होता है, उतनी ही देखभाल भी चाहता है। अगर इसके साथ सही साथी पौधे लगाए जाएं तो यह न सिर्फ अधिक फूल देता है बल्कि कीट और रोगों से भी सुरक्षित रहता है। कुछ पौधे गुलाब के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम करते हैं और बगीचे की सुंदरता को कई गुना बढ़ा देते हैं। गार्डनिंग में गुलाब के साथी पौधे कई हो सकते हैं, जिनमें से कुछ अच्छे साथी पौधे निम्न हैं।

प्याज

प्याज, गुलाब के लिए एक प्राकृतिक रक्षक की तरह काम करता है। इसकी तेज गंध गुलाब पर लगने वाले एफिड्स और अन्य कीटों को पास नहीं आने देती। प्याज की जड़ें मिट्टी में लाभकारी तत्व बढ़ाती हैं, जिससे गुलाब की जड़ें मजबूत होती हैं।

 चाइव्स

चाइव्स एक हल्की प्याज जैसी खुशबू वाला पौधा है, जो गुलाब के लिए बेहद लाभदायक माना जाता है। इसकी तेज सुगंध गुलाब को एफिड्स, स्पाइडर माइट्स और अन्य हानिकारक कीड़ों से बचाती है।

जेरेनियम

जेरेनियम एक आकर्षक फूलदार पौधा है जो गुलाब के आस-पास लगाने पर जापानी बीटल और एफिड्स जैसे कीटों को दूर रखता है। इसकी रंगीन पंखुड़ियाँ गुलाब के फूलों के साथ मिलकर बगीचे को और मनमोहक बनाती हैं।

 लहसुन

लहसुन का पौधा गुलाब के लिए परफेक्ट साथी पौधा है। लहसुन का पौधा गुलाब को कीटों से सुरक्षित रखता है। आप लहसुन के पौधे गुलाब के पास ग्रो कर सकते हैं।

गेंदा

गेंदे के फूल और जड़ें मिट्टी में पनपने वाले निमेटोड्स और अन्य हानिकारक कीड़ों को खत्म करते हैं। गेंदे के पीले-ऑरेंज फूल गुलाब के साथ मिलकर बगीचे को और सुंदर और आकर्षक बनाते हैं।

 लैवेंडर

लैवेंडर की खुशबू मनमोहक होने के साथ-साथ गुलाब के लिए भी उपयोगी होती है। यह एफिड्स, मच्छरों और पतंगों को दूर रखती है। लैवेंडर और गुलाब दोनों को धूप की जरूरत होती है।