
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को सदन में कहा कि सरकार दक्षिण भारत में नारियल के बागानों को प्रभावित करने वाले कीटों और बीमारियों को कंट्रोल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। क्लीन प्लांट प्रोग्राम का विस्तार करने के लिए कदम उठा रही है। कृषि मंत्री ने ये बातें तब कहीं जब वह लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदन में जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में नारियल उत्पादन में भारत पहले स्थान पर है और कोयंबटूर का पोलाची एक प्रमुख उत्पादक है।
भारत पहले नंबर पर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने लोकसभा में कहा कि दुनिया भर में नारियल उत्पादन में भारत पहले स्थान पर है और कोयंबटूर का पोलाची एक प्रमुख उत्पादक है, जहां 1.2 लाख हेक्टेयर में नारियल के बागान फैले हुए हैं। कृषि मंत्री के शब्दों में, 'हमने पोलाची में एक नारियल क्लस्टर स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस पर काम चल रहा है,हाल के दिनों में, राइनोसेरोस बीटल, रेड पाम वीविल, रूट विल्ट और गैनोडर्मा जैसे कीट और बीमारियां नारियल की फसलों को प्रभावित कर रही हैं।
बीमारियों को कंट्रोल करने का काम जारी
कृषि मंत्री ने कहा, 'सरकार नारियल की खेती को प्रभावित करने वाली बीमारियों को कंट्रोल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नारियल विकास बोर्ड अपनी नर्सरी में अच्छे, साफ-सुथरे नारियल के पौधे उगाने का काम कर रहा है, लेकिन उनकी संख्या काफी नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम नारियल के लिए इस साफ़-सुथरे नारियल के पौधे के कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर करने की कोशिश कर रहे हैं।
नारियल किसानों के लिए खराब समय
इस बार नारियल के किसानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। व्हाईट फ्लाइज और दूसरी समस्याओं की वजह से उन्हें खासा नुकसान झेलना पड़ा है। आंध्र प्रदेश के पेडावेगी मंडल के विजयराय में तो नारियल किसानों ने सही कीमत की मांग को लेकर पिछले दिनों विरोध प्रदर्शन भी किया है।