लीज पर जमीन लेकर शुरू की गेंदा और गुलाब की खेती सालाना कमा रहे 10 लाख रुपये

    16-Jan-2026
Total Views |

नई दिल्ली।आज के बदलते समय में किसान परंपरागत खेती को छोड़कर कृषि बागवानी कर बेहतर कमाई कर रहे है। किसानों के बीच में फूलों की खेती बहुत फेमस हो रही है।फूलों की खेती एक विकल्प बनकर उभरी है, जिसने कई किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की है। झारखंडबिहार बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले किसान संतोष कुमार आधुनिक तकनीक माध्यम से फूलों की खेती कर बेहतर कमाई कर रहे है।  

लीज पर ज़मीन लेकर कर रहे है फूलों की खेती

झारखंड के अम्बा निवासी संतोष कुमार फिलहाल 6 एकड़ ज़मीन लीज पर लेकर फूलों की खेती कर रहे है। उनके खेतों में उगाए गए फूलों की मांग झारखंड और बिहार के कई जिलों तक है। डाल्टनगंज, हरिहरगंज, छतरपुर के साथ-साथ बिहार के सासाराम, औरंगाबाद और डेहरी जैसे शहरों में उनके फूल नियमित रूप से भेजे जाते हैं।

सब्जी की खेती से नहीं हो पा रही थी भरपाई

संतोष कुमार बताते हैं कि करीब 20 साल पहले वे सब्जी की खेती करते थे, लेकिन लागत के मुकाबले मुनाफा बेहद कम था। कई बार मेहनत के बाद भी लागत निकालना मुश्किल हो जाता था। इसी बीच एक बार वे छत्तीसगढ़ घूमने गए, जहां उन्होंने किसानों को फूलों की खेती करते देखा। यहीं से उनके मन में फूलों की खेती का विचार आया।

गेंदा से गुलाब तक, हर फूल की है मांग

संतोष कुमार मुख्य रूप से गेंदा, चिनाचेरी, रजनीगंधा और गुलाब की खेती करते हैं। बाजार में इन फूलों की हमेशा मांग बनी रहती है। फिलहाल एक कुड़ी फूल 300 रुपये में बिकती है, जिसमें 20 लड़ी होती हैं। बेहतर बाजार और लगातार मांग के कारण उन्हें सालाना करीब 10 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा हो जाता है।