
नई दिल्ली।बिहार के रोहतास जिले में बागवानी और सब्जी उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एक अहम पहल की जा रही है।राष्ट्रीय उच्च पथ और राज्य पथ के किनारे शेडनेट हाउस के निर्माण की योजना को अब जमीन पर उतारा जा रहा है। इस योजना के तहत जिले में कुल दो हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक शेडनेट हाउस बनाए जाएंगे, जहां संरक्षित खेती के जरिए उन्नत तकनीक से सब्जियों और बागवानी फसलों का उत्पादन किया जाएगा। जिला उद्यान पदाधिकारी, सासाराम जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह योजना किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आमदनी बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र
योजना के तहत शेडनेट हाउस का निर्माण राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों के किनारे इसलिए किया जा रहा है, ताकि यहां उगाई जाने वाली फसलें सड़क से गुजरने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकें। सड़क किनारे हरियाली और आधुनिक खेती का यह दृश्य एक जीवंत प्रदर्शन मॉडल के रूप में भी काम करेगा। इससे न केवल हाईटेक खेती को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अन्य किसानों को भी इस तकनीक को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
शेडनेट हाउस निर्माण की मिली स्वीकृति
सरकार ने इस योजना के तहत दो हजार वर्गमीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस निर्माण की स्वीकृति दी है। विभागीय निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के सफल क्रियान्वयन से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. संरक्षित खेती के माध्यम से फसलों को मौसम की मार, कीट और रोगों से काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकेगा।