
हमीरपुर।उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया स्थित नवनिर्मित हाईटेक नर्सरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। पहले दौर में महिलाओं ने गुणवत्तायुक्त शाकभाजी की 10 हजार पौध तैयार की है, इसकी बिक्री भी शुरू कर दी है। अब तक 700 पौध किसान खरीद ले गए। पहले दौर में विभाग की ओर से बीज मुहैया कराया गया।
हाईटेक नर्सरी में पौधे हो रहे है तैयार
हमीरपुर जिले के जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार के अनुसार नवनिर्मित हाईटेक नर्सरी में गुणवत्तायुक्त शाकभाजी पौधों की बिक्री शुरू कर दी गई है। यह नर्सरी ओमशांति स्वयं सहायता समूह पौथिया के सहयोग से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में टमाटर, पत्तागोभी, खीरा, तरोई, मिर्च, लौकी, कद्दू, बैंगन, खरबूजा और तरबूज समेत अन्य जिंसों की लगभग 10 हजार पौध तैयार की गई। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार इन पौधों को दो रुपये प्रति पौध की दर से प्राप्त कर सकते हैं।