बिहार सरकार कर रही है बागवानी पर फोकस

    30-Jan-2026
Total Views |


पटना।बिहार सरकार बागवानी की विकास के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। बागवानों द्वारा उगाए गए आम, लीची, केला और अन्य उत्पादों की पहुंच न केवल देश में बल्कि विदेशों तक है। इसी क्रम में कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से पैक-हाउस, प्री-कूलिंग, कोल्ड-चेन, प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, ब्रांडिंग और निर्यात से जुड़ी निवेश संभावनाओं को लेकर बिहार हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत निवेशकों, एग्री-प्रेन्योर और कृषि-उद्यम फर्मों के लिए उन्मुखीकरण-सह-जागरुकता एवं निवेशक ऊर्जा-संचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नकदी फसलों में निवेश की पंचवर्षीय कार्ययोजना

राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम को लेकर आयोजित बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार नकदी फसलों के प्रोत्साहन, मूल्य-वर्धन आधारित निवेश, मधु-क्रांति, प्रस्तावित बिहार कोल्ड-चेन आधारभूत संरचना नीति और फल-सब्जी, मसाला और मशरूम क्षेत्र में पांच वर्षीय कार्ययोजना के जरिए राज्य में निवेश-अनुकूल वातावरण को सुदृढ़ कर रही है। इसके साथ ही मखाना क्षेत्र में मखाना बोर्ड के माध्यम से कृषि-आधारित उद्योगों के नए अवसरों के सृजन को लेकर भी पहल की जा रही है।