औषधीय-सुगंधित बागवानी बदलेगी किसानों की तकदीर

    30-Jan-2026
Total Views |


लखनऊ।उत्तर प्रदेश के लखनऊ में किसानों की आय बढ़ाने के लिए और ग्रामीण उद्यमिता को मजबूती देने के उद्देश्य से केंद्रीय औषधीय एवं सुगंध पौधा संस्थान में 30 जनवरी और 31 जनवरी को राष्ट्रीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का केंद्र बिंदु औषधीय व सुगंधित फसलें, मूल्य संवर्धन, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण स्वरोजगार रहेगा।

देश भर के किसान होंगे शामिल

मेला संयोजक डॉ. संजय कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आयोजन किसानों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त मंच बनेगा। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक 20 से अधिक राज्यों से करीब पांच हजार किसानों के आयोजन में शामिल होने की संभावना है।

उत्पादन से विक्रय तक की मिलेगी जानकारी

मेले में किसानों को औषधीय व सुगंधित पौधों की खेती से लेकर कटाई के बाद प्रबंधन, प्रसंस्करण, मार्केटिंग और जलवायु-अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। एरोमा मिशन के तहत विकसित सफल मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। महिलाओं को अगरबत्ती, गुलाब जल जैसे उत्पादों के निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।