
गुरुग्राम।हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति निरंतर किसानों की आय बढ़ाने की रही है। पीढ़ी दर पीढ़ी जोत घटती जा रही है ऐसे में परंपरागत खेती की बजाय किसानों को बागवानी की खेती कर अपनी आय बढ़ानी होगी। मंत्री ने महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के तहत रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र का दौरा किया और किसानों के कल्याण के लिए केंद्र में चल रही गतिविधियों की जानकारी ली।
मसालों की खेती को बढ़ावा
निदेशक अनुसंधान डॉ. धर्मपाल चौधरी ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरेश कुमार मल्होत्रा के नेतृत्व में केंद्र में किए जा रहे अनुसंधान कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में जीरा, अजवायन जैसी बीज मसाला फसलें और अंजीर, कमलम जैसे नए फलों और मसालों की खेती शुरू की गई है जो इस क्षेत्र के लिए नई हैं। कृषि मंत्री ने भिवानी का उदाहरण देते कहा कि इस क्षेत्र में खजूर की खेती शुरू की जाए जिससे किसानों को लाभ हो सके। कृषि मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
बागवानी को दिया जाएगा बढ़ावा
हरियाणा में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार उन्नत तकनीक, 90% तक सब्सिडी और 'मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना' के माध्यम से सब्जियों व फलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है। केंद्र ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से आधुनिक तकनीक, नई किस्मों और एफपीओ के गठन पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें करनाल और सोनीपत जैसे जिले प्रमुख हैं।