
रांची।झारखंड के पलामू क्षेत्र में एक बागवान आम की बागवानी से बेहतर कमाई कर रहे है। आम की बागवानी शुरू करने के बाद इस किसान को बेहतर कमाई हो रही है। पलामु के रहने वाले तारकेश्वर सिंह एक प्रगतिशील किसान हैं, जिन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आम की बागवानी को अपनाया। शुरुआत में उन्हें भी कम आमदनी और खेती की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लेकिन नई तकनीक और बागवानी की जानकारी लेकर उन्होंने अपने खेत को आम के बाग में बदल दिया है।
कड़ी मेहनत के बाद मिली सफलता
2011 में पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए एक किसान ने ऐसा फैसला लिया जिसने उनकी किस्मत बदल दी। कम मुनाफे और बढ़ती लागत से परेशान होकर उन्होंने बागवानी की ओर कदम बढ़ाया। क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी से आम की उन्नत खेती की जानकारी प्राप्त की और करीब तीन एकड़ जमीन में 355 आम के पौधे लगाए है। आज वही बागवानी उनके लिए समृद्धि का माध्यम बन चुकी है और वे अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बने हैं।
एक साल में 16 लाख आय
आज इस बागवानी से उन्हें सालाना 15 से 16 लाख रुपये तक की आय हो रही है। जहां पहले पारंपरिक खेती से सीमित मुनाफा मिलता था, वहीं अब बागवानी ने आर्थिक स्थिति मजबूत कर दी है। उनका मानना है कि यदि किसान वैज्ञानिक जानकारी, धैर्य और जैविक पद्धति अपनाएं तो बागवानी से बेहतर कमाई संभव है।