
हमीरपुर।उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के भरपूर ड्रैगन फल की बाजार में मांग बढ़ी तो उत्पादन भी शुरू हो गया है। जिले में छह किसान इससे लाभ कमा रहे हैं। एक बार पौधा लगाने पर 25 साल तक मुनाफा कमाने का अवसर है। कम पानी में तैयार हो जाती है और देखरेख भी अधिक नहीं है। ड्रैगन फल की खेती को लेकर किसानों में उत्सुकता बढ़ रही है।
अधिक मुनाफा कमाने के लिए किसान जागरूक
हमीरपुर के पाटनपुर गांव के जागरूक किसान प्रखर पांडेय के खेतों में ड्रैगन फल के पौधे अब बड़ा आकार लेने लगे हैं। इसी प्रकार ऋषि शुक्ला ने भी पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ाए और ड्रैगन फल की खेती के लिए आगे आए हैं। गोहानी, बंधौली, बिवांर में भी अधिक मुनाफा कमाने के लिए किसान जागरूक हुए हैं। सरकार की ओर से इसके लिए 40 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। अनुदान की वजह से किसानों का रुझान भी बढ़ा है।
12 माह में आ जाते हैं फल
उद्यान निरीक्षक सौभाग्य सोनी ने बताया कि एक हेक्टेयर भूमि में लगभग 1700 पौधे लगाए जाते हैं। ड्रैगन फल का पौधा यूं तो 12 माह में फल देने लगता है, लेकिन किसान को चाहिए कि पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए कम से कम 18 माह का समय उचित है। एक बार तैयार होने के बाद 25 साल तक नियमित उपज मिलती है।