करें आइस फ्लावर की खेती, कम खर्च में होगी ज्यादा कमाई

    24-Feb-2026
Total Views |

नई दिल्ली।अगर आप ऐसी खेती की तलाश में हैं जिसमें खर्च कम हो और कमाई ज्यादा, तो आइस फ्लावर आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। यह फूल धूप में ऐसा चमकता है, जैसे जमीन पर छोटे-छोटे हीरे बिखरे हों। इसी खास चमक की वजह से इसे आइस प्लांट भी कहा जाता है। छत्तीसगढ़ के उद्यान विभाग के कृषि वैज्ञानिक एफ.आर कोसरिया ने बताया कि सर्दियों के मौसम में यह पौधा तेजी से बढ़ता है और खेत या बगीचे को रंग-बिरंगे कालीन जैसा लुक दे देता है।

कम पानी, कम लागत में होता है तैयार

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार आइस फ्लावर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे ज्यादा पानी या भारी खाद की जरूरत नहीं होती। अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में यह आसानी से उग जाता है। जहां पानी की कमी होती है, वहां भी इसकी खेती सफल मानी जाती है। बीज से इसे तैयार करना आसान है। बीज बोने के करीब 60 से 70 दिनों के अंदर पौधे में फूल आने लगते हैं।

शादी-विवाह में बहुत ज्यादा मांग

इसके साथ ही उनका कहना है कि आजकल शादी-विवाह, रिसॉर्ट, होटल और गार्डन डेकोरेशन में रंग-बिरंगे फूलों की मांग बढ़ी है। आइस फ्लावर इन सब जगहों पर खूब पसंद किया जाता है। लैंडस्केपिंग और नर्सरी में भी इसके पौधे अच्छे दाम पर बिकते हैं। नर्सरी वाले इसके छोटे पौधों को गमलों में तैयार कर बेचते हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय मिलती है।