लोकभवन देहरादून में वसंतोत्सव सह पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन 27 फरवरी से

    26-Feb-2026
Total Views |

देहरादून।उत्तराखंड लोक भवन में हर साल की तरह इस साल भी पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। पुष्प प्रदर्शनी सह वसन्तोत्सव तीन दिनों तक चलेगा। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से इस साल लोकभवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक वसन्तोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रकृति और पुष्पों के जरिए मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक कल्याण को दर्शाया गया है। इसके साथ ही भोज पत्र के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं औषधीय महत्व पर विशेष फोकस किया गया है। आम जनता 27 फरवरी से 1 मार्च तक वसन्तोत्सव का निशुल्क लुफ्त उठा सकती है।

उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों के पुष्प व्यवसाई शामिल होंगे

वसन्तोत्सव- 2026 की खास बात ये है कि पहली बार हाइड्रोपोनिक कल्टीवेशन टेक्नोलॉजी डेमोंसट्रेशन प्रतियोगिता में सॉइल लेस तकनीकी को भी शामिल किया गया है। स्पेशल पोस्ट कवर के रूप में भोज पत्र का चयन किया गया है। जिसका विमोचन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल करेंगे। कार्यक्रम के लिए दिल्ली समेत अन्य राज्यों के पुष्प व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी प्रदर्शनी में आमंत्रित किया जाएगा।

पुष्प प्रदर्शनी फूल प्रेमियों के लिए बेहतर अवसर

राज्यपाल के अनुसार वसंतोत्सव स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और कृषि आधारित उत्पादों को एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इस आयोजन के माध्यम से कारीगरों, किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिलता है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।