गाजियाबाद के गोल्फ लिंक स्थित लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में तीन दिवसीय भव्य फ्लावर शो की शुरुआत

    28-Feb-2026
Total Views |

नई दिल्ली।एनसीआर के प्रमुख शहर गाजियाबाद के गोल्फ लिंक स्थित लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में तीन दिवसीय भव्य फ्लावर शो की शुरुआत हो गई है। 27 फरवरी से 1 मार्च तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में 50 हजार से अधिक देश-विदेश के खूबसूरत फूलों और पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है। पुष्प प्रदर्शनी वंदे मातरम के थीम पर आधारित है जिसके जरिए भारत की संस्कृति और विरासत को फूलों की सजावट के माध्यम से दर्शाया गया है।

पुष्प से बनी है कई आकर्षक आकृतिया                

पुष्प प्रदर्शनी में राम द्वार, धनुष द्वार और शिव डमरू जैसे आकर्षक द्वार खास आकर्षण का केंद्र है। प्रदर्शनी में बोनसाई, कैक्टस, सक्यूलेंट्स, मेडिसिनल प्लांट्स, वायु शोधन करने वाले पौधे भी प्रदर्शित किए गए हैं। किचन गार्डन, टेरेस गार्डन, वर्टिकल गार्डन के साथ हाइड्रोपोनिक, एक्वापोनिक और एरोपोनिक तकनीक से पौधे उगाने का लाइव प्रदर्शन लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है।

वंदे मातरम के थीम पर सजी है पुष्प प्रदर्शनी

यह फ्लावर शो गाजियाबाद में हर साल आयोजित की जाती है। आयोजक रमा त्यागी ने हाल ही में नर्सरी टुडे से बात करते हुए बताया कि इस वर्ष वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर थीम आधारित सजावट की गई है। देश ही नहीं विदेशों से भी विशेष फूल मंगवाए गए हैं। बच्चों के लिए एक्टिविटीज, झूले और फूड स्टॉल्स भी लगाए गए हैं ताकि परिवार के साथ लोग प्रकृति और स्वाद दोनों का आनंद ले सकें।