चन्दौली। उत्तर प्रदेश के कृषि विज्ञान केंद्र चन्दौली में 28 फरवरी शनिवार को एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत दो दिवसीय गोष्ठी का शुभारंभ राज्य सभा सांसद साधना सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसमें किसानों को फल, सागभाजी, पुष्प, मसाले, सिंघाड़ा और मखाने की उन्नत कृषि-बागवानी की तकनीकी जानकारी दी गई।
फूल और फलों की खेती की जानकारी दी गई
इस दौरान विभिन्य विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए थे। बागवानी मिशन के तहत भारतीय सब्जी अनुसंधान के वैज्ञानिक डॉ सूर्यनाथ चौरसिया ने किसानों को हाईटेक सब्जी उत्पादन के विषय में बताया। वहीं वैज्ञानिक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के प्रधान डॉ. सुधीर सिंह ने फल उत्पादन तकनीकी व एक्जोटिक फल, स्ट्रॉबेरी व ड्रैगन फ्रूट की बागवानी पर प्रकाश डाला।
बीएचयू के वैज्ञानिक हुए शामिल
इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक श्रवण पांडेय ने संरक्षित खेती के विषय में बताया। इसके अलावा रिवुलिस फर्म के इंजीनियर कोमल पटेल ने सूक्ष्म सिंचाई पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञान केंद्र के हेड नरेंद्र रघुवंशी ने सम सामयिक सब्जी व फलों के शस्य उत्पादन प्रक्रिया के विषय में बताया।