कीवी की ओर बढ़ रहा है बागवानों का रुझान

    16-Mar-2026
Total Views |

शिमला।हिमाचल प्रदेश के चंबा के बागवान अब नई फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। क्षेत्र के एक बागवान ने परीक्षण के तौर पर कीवी के 25 पौधे लगाए थे। किसान का परीक्षण काफी सही रहा। पौधों की अच्छी बढ़वार और अनुकूल उत्पादन की संभावना ने क्षेत्र के अन्य किसानों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है। बागवानों का कहना है कि शुरुआत में कीवी की खेती को लेकर आशंका थी, इसलिए पहले परीक्षण के रूप में कुछ पौधे ही लगाए गए थे। पौधों की अच्छी वृद्धि और सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अब इसकी खेती को बड़े स्तर पर अपनाने की योजना बनाई जा रही है।

कीवी की खेती बागवानों को बेहतर कमाई

स्थानीय बागवानों ने जनवरी में कीवी के पौधे लगाए थे। इसके अच्छे परिणाम आना शुरू हो गए हैं। यदि कीवी की खेती सफल रहती है तो इससे किसानों की आय में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। इसी कारण अब क्षेत्र के अन्य किसान भी कीवी की खेती शुरु कर रहे है। आने वाले समय में कुरांह क्षेत्र में कीवी की खेती का दायरा और बढ़ सकता है।

बाजार में बेहतर दाम

स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद विटामिन C और इम्युनिटी के कारण कीवी की मांग तेजी से बढ़ रही है। भारत में इसका आयात 2023 में 55,000 मीट्रिक टन तक पहुँच गया है, और इसका उत्पादन हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में भी बढ़ रहा है। इसकी उच्च कीमत और पोषण के कारण यह एक महगें फल के रूप में लोकप्रिय है।