अमरोहा।उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा क्षेत्र के मुसल्लेपुर की महिलाएं अब स्ट्रॉबेरी की खेती से आगे बढ़ रही है। इस गांव की महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर 90 बीघा भूमि पर स्ट्रॉबेरी की खेती कर रही है। उनकी मेहनत और सफलता की चर्चा अब दिल्ली तक पहुंच रही है। स्ट्रॉबेरी की खेती महिलाओं के लिए आमदनी का मजबूत जरिया बन गई है और इससे वह आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
अमेरिका से मगाई जाती है पौधा
करीब 30 महिला मिलकर समुह बनाकर स्ट्रॉबेरी की खेती कर रही है। महिलाओं ने धीरे-धीरे 90 बीघा भूमि पर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू कर दी। इसी समुह की बबीता देवी के अनुसार स्ट्रॉबेरी के पौधे अमेरिका से मंगाए जाते हैं और इसकी खेती मुख्य रूप से सर्दियों में लाभदायक होती है। एक बीघा भूमि से लगभग 30 से 40 हजार रुपये तक का लाभ मिल जाता है। सर्दियों के मौसम में 250 ग्राम स्ट्रॉबेरी की कीमत करीब 200 रुपये तक मिलती है। लेकिन तापमान बढ़ने के साथ इसकी कीमत घटकर करीब 50 रुपये प्रति 250 ग्राम रह जाती है।
विकास अधिकारी कर चुके प्रशंसा
मुसल्लेपुर गांव में पिछले कई साल से महिलाएं स्ट्रॉबेरी की खेती कर रही हैं। उनकी उगाई गई स्ट्रॉबेरी की गुणवत्ता की भी काफी प्रशंसा हो रही है। हाल ही में मुख्य विकास अधिकारी ने गांव का दौरा कर महिलाओं द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना की थी और इसे अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक बताया था।