रामपुर बुशहर। आयुष विभाग रामपुर ने मंगलवार को पंचायत भवन दत्तनगर में आयुष ग्राम मेले का आयोजन किया। मेले में लोगों को औषधीय पौधों की खेती के गुर सिखाए। इसके अलावा लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और पारंपरिक चिकित्सा के बारे में जानकारी दी। रामपुर डीएफओ गुर हर्ष सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। रामपुर की बीएमओ रोहिणी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। आयुष मेले में बीपी, शुगर, बीएमआई सहित अन्य जांच की गई।
औषधीय पौधों की खेती से बेहतर लाभ
243 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।मेले का मुख्य आकर्षण औषधीय पौधों की खेती पर आयोजित कार्यशाला रही। जोगेंद्रनगर से आए विशेषज्ञों ने औषधीय पौधों जैसे अश्वगंधा, गिलोय, तुलसी और एलोवेरा की व्यावसायिक खेती के बारे में लोगों को जानकारी दी।
वैज्ञानिक तरीके करें पौधे की खेती
किसानों-बागवानों को बताया कि वे अपनी आय बढ़ाने के लिए औषधीय पौधों को वैज्ञानिक तरीके से कैसे उगा सकते हैं। ग्रामीणों को घर पर औषधीय वाटिका तैयार करने के लिए तैयार पौधे वितरित किए। मेले में योग शिविर भी लगाया गया। लोगों को योग आसन के तरीके बताए गए। योग के महत्व के बारे में जानकारी दी।