शिमला।हिमाचल प्रदेश में सेब बागवानों का करीब 120 करोड़ रुपए का भुगतान अभी तक लंबित है। मार्केट इंटरवेंशन स्कीम के तहत खरीदे गए सेब का पैसा न मिलने से हजारों बागवान परेशान हैं। हालांकि सरकार ने जल्द भुगतान का भरोसा दिया है और इसके लिए बजट प्रावधान की बात कही है।
बागवानों के करोड़ों रुपए लंबित
राज्य में MIS के तहत खरीदे गए सी-ग्रेड सेब का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, करीब 57,182 बागवानों को कुल 120 करोड़ 59 लाख रुपए दिए जाने बाकी हैं। यह राशि हिमफैड और HPMC के पास लंबित है, जिससे बागवानों में नाराजगी बढ़ रही है। इस मुद्दे को विधानसभा में ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौड़ ने उठाया। इसके जवाब में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि "सरकार बागवानों का भुगतान करने के लिए बजट का प्रावधान कर रही है। साथ ही केंद्र सरकार से भी 16 करोड़ 47 लाख रुपए के हिस्से के लिए पत्राचार किया जा रहा है।