महाराष्ट्र में आम और काजू की बागवानी बर्बाद, CM ने किया आर्थिक मदद का ऐलान

    19-Mar-2026
Total Views |

मुंबई।महाराष्ट्र सरकार ने बागवानी करने वाले बागवानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फ़डणवीस की सरकार ने घोषणा की है कि प्रदेश के आम और काजू किसानों को मौसम की मार के चलते फसल बर्बाद होने पर आर्थिक मदद दी जाएगी। सरकार ने यह फैसला सिंधुदुर्ग और रत्नागिरि जिले में 70 से 90 फीसदी तक आम की फसल बर्बाद होने के बाद लिया है। कहा जा रहा है कि इस फैसले से प्रदेश के लाखों बागवानी किसानों ने राहत की सांस ली है।

आम के साथ काजू को भी नुकसान

कोकण क्षेत्र में उगने वाले अल्फांसो आम और काजू की फसल इस साल मौसम के अचानक बदलाव से काफी प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एक समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि कई जगहों पर फसल को भारी नुकसान हुआ है। सर्वे के अनुसार पालघर में करीब 45 फीसदी और सिंधुदुर्ग में लगभग 90 फीसदी आम की फसल खराब हो गई है। साथ ही काजू की फसल का भी नुकसान हुआ है, जिसकी जांच कुछ जिलों में पूरी हो चुकी है और बाकी जगहों पर अभी जारी है।

सरकार के फैसले से बागवान खुश

महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश के बागवानों में खुशी का महौल है। कोकण मैंगो ग्रोअर्स एंड सेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक भिड़े के अनुसार इस साल आम और काजू की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान बहुत परेशान हुए।