ईरान संकट के बीच घरेलू सेब की चमकी किस्मत

    19-Mar-2026
Total Views |



नई दिल्ली।दुनिया में चल रहे तनाव का असर अब फल बाजार पर भी साफ दिखने लगा है। ईरान में जारी संघर्ष के कारण भारत में सेब की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे घरेलू सेब की कीमतों में तेजी आई है। खासकर कश्मीर घाटी के सेब उत्पादकों और व्यापारियों को इससे काफी राहत मिली है, क्योंकि लंबे समय बाद उन्हें बेहतर दाम मिल रहे हैं।

ईरान से आयात रुका, बाजार में सप्लाई हुई कम

बिजनेसलाइन की खबर के मुताबिक, ईरान से आने वाले सेब की नई खेप फिलहाल रुक गई है। जो माल पहले ही भेजा जा चुका था, वह तो भारतीय बंदरगाहों तक पहुंच गया है, लेकिन अब नई सप्लाई नहीं आ रही है।

घरेलू सेब की कीमतों में आया उछाल

बाजार में सप्लाई कम होने से कश्मीरी सेब की मांग बढ़ गई है।इसके चलते कीमतों में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। कश्मीर के सेब व्यापारी मोहम्मद अशरफ वानी के अनुसार, “कुल्लू डिलीशियस सेब इस समय 140 से 145 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है, जबकि डिलीशियस किस्म 120 से 125 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

किसानों को क्यों मिली राहत

कश्मीर घाटी के किसानों के लिए यह स्थिति काफी फायदेमंद साबित हो रही है। पिछले सीजन में मौसम की अनिश्चितता और जम्मू-श्रीनगर हाईवे के बंद होने से सेब की ढुलाई प्रभावित हुई थी। कई ट्रकों में लदा सेब रास्ते में ही खराब हो गया था, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। अब जब कीमतें बढ़ी हैं, तो किसान और व्यापारी दोनों अपने स्टॉक को बाजार में निकाल रहे हैं और उन्हें बेहतर मुनाफा मिल रहा है।