
गुरुग्राम।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री साल 2026-27 का ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह बजट पिछले साल की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है। सरकार ने इस बार युवाओं, किसानों और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए कई नई योजनाओं और प्रोत्साहनों का ऐलान किया है। बजट का मकसद रोजगार बढ़ाना, खेती को लाभकारी बनाना और महिलाओं के स्वास्थ्य व आजीविका को मजबूत करना है।
सरकार ने बागवानी को बढ़ाने के लिए किया प्रयास
हरियाणा सरकार ने बागवानी और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की है। किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और आर्थिक प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया है।
बागवानी को बढ़ावा देने की नई नीति
बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नई नीति लागू की जाएगी। इस दिशा में जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जीका) के साथ मिलकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। किसानों को बागवानी अपनाने के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत फलों पर मुआवजा बढ़ाकर ₹50,000 प्रति एकड़ और सब्जियों व मसालों पर ₹40,000 प्रति एकड़ कर दिया गया है। इससे प्राकृतिक आपदा या नुकसान की स्थिति में किसानों को राहत मिलेगी।