भोपाल।मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मानस भवन गुना में आयोजित संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी एवं कृषक कार्यशाला में शामिल हुए। उन्होंने संभाग के विभिन्न जिलों से आए कृषकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद कर खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गुलाब की यह कहानी आने वाले समय में प्रदेश और देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी। आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती के समन्वय से किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
प्रदेश में गुलाब की खेती को मिलेगा बढ़ावा
उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने कहा कि गुलाब की खेती से एक एकड़ में सालाना लगभग 14 लाख रुपये तक की आय संभव है, जो पारंपरिक फसलों की तुलना में अधिक है। यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ‘किंग ऑफ रोज’ का पुरस्कार श्री अनिमेष श्रीवास्तव को उनकी ‘रिवाइवल’ किस्म के लिए प्रदान किया। श्री गोपाल अग्रवाल को उनकी ‘टॉप सीक्रेट’ किस्म के लिए ‘क्वीन ऑफ रोज’ का पुरस्कार दिया गया।