शिमला।जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। लंबे समय बाद हुई इस हल्की बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। बागवानी से जुड़े लोगों के अनुसार सेब, आड़ू, प्लम और खुमानी जैसी फसलों के लिए भी यह मौसम अनुकूल है। हल्की बारिश और ठंडक से बागानों में नमी बनी रहती है, जिससे फलों की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ता है।
बारिश से होगी बेहतर फल उत्पादन
कुछ दिन पहले क्षेत्र में तापमान बढ़ने से किसान चिंतित थे। गर्मी के चलते फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश ने मौसम को फिर से ठंडा कर दिया है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह बना रहा तो फलों की पैदावार बेहतर हो सकती है।
क्षेत्र के बागवानों में खुशी की लहर
हिमाचल प्रदेश की पहचान कहे जाने वाले सेब के बगीचों पर अब क्लाइमेट चेंज की मार पड़ने लगी थी। कभी ज्यादा गर्मी तो कभी बेमौसम बर्फबारी ने कुल्लू के बागवानों की चिंता बढ़ा दी है, लेकिन इसी संकट के बीच आज रिमझीम बारिश के कारण क्षेत्र के बागवानों में खुशी की लहर है।