पटना।बिहार के पूर्वी चम्पारण के पीपराकोठी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय वानिकी एवं उद्यानिकी महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को बागवानी-वन संवर्धन उत्पादन प्रणाली पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन एसएबीएम के निदेशक डॉ. राम दत्त, डीएफओ आरके शर्मा, डीएओ मनीष कुमार, महाविद्यालय के डीन डॉ. कुंदन किशोर और प्रोफेसर डॉ. आरके झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में अतिथियों का मोमेंटो, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. राम दत्त ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम किसानों और छात्रों के लिए कृषि क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बागवानी क्षेत्र में अपार संभावनाएं
महाविद्यालय के डीन डॉ. कुंदन किशोर ने अपने संबोधन में बागवानी क्षेत्र में अपार संभावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। डीन ने यह भी बताया कि फल एवं सब्जी उत्पादन न केवल किसानों की आय बढ़ाता है, बल्कि कार्बन सीक्वेस्ट्रेशन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है।