
मुंबई।महाराष्ट्र के केला किसानों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुड़ी पड़वा के मौके पर जलगांव में केला उगाने वाले किसानों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस बीच उन्होंने जिले में बनाना क्लस्टर बनाने का जिक्र किया। उन्होंने किसानों को गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह काम कर रही है। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी बताया कि जलगांव को स्वर्ण नगरीऔर बनाना सिटीके नाम से जाना जाता है, क्योंकि यहां केले की खेती बड़े पैमाने पर होती है और इसका देश की बागवानी में बड़ा योगदान है।
200 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा केला क्लस्टर
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि जलगांव में लंबे समय से प्रस्तावित बनाना क्लस्टर परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और इसे 200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इस क्लस्टर के अंतर्गत गुड एग्रीकल्चर प्रैक्टिस, मैकेनाइजेशन, बायो-कंट्रोल, फ्रूट कवर और प्री-कूलिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएगी।
केला किसानों के लिए वैकल्पिक मॉडल तलाश रही सरकार
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि केला जैसी फसलें MSP पर खरीदकर लंबे समय तक रखी नहीं की जा सकती है, इसलिए सरकार एक ऐसे वैकल्पिक मॉडल पर विचार कर रही है, जिसमें बाजार मूल्य अत्यधिक कम होने पर किसानों को लागत या निर्धारित मॉडल मूल्य और बाजार भाव के बीच का अंतर दिया जा सके।