
भोपाल।केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के बुधनी स्थित केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय उन्नत कृषि यंत्रीकरण प्रदर्शनी में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बुधनी की इस पावन धरा के कण-कण में कृषि का कौशल विद्यमान है। उन्होंने कहा कि यहां आज जो प्रदर्शनी लगाई गई है, यह हमारे देश की कृषि की तकनीकी से समृद्धि तक की यात्रा का उदाहरण है।
भारत ने दुनिया को खेती करना सिखाया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि भारत वह देश है जिसने दुनिया को खेती करना सिखाया है। आज भी कृषि हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की आय बढ़ाना है तो यह केवल परंपरागत तकनीकों से संभव नहीं है, इसके लिए हमें खेती में उन्नत एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को मशीनों के प्रयोग का, प्रदर्शन का और किसानों के लिए प्रशिक्षण का देश का सबसे प्रमुख सेंटर बनाया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी हुए शामिल
कार्यक्रम में बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री राजीव सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी, किसान, स्व-सहायता समूह की दीदियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।