मऊ।उत्तर प्रदेश के मऊ में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत मंगलवार को नगर के कम्युनिटी हॉल में कृषक मेला, गोष्ठी व भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए कृषि विभाग में जिला कृषि कार्यालय को सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें कृषि, उद्यान, मत्स्य और पशुपालन विभाग से संबंधित किसानों की समस्याएं एक ही स्थान पर सुनी जाएंगी तथा विभागों के समन्वय से उनका समाधान किया जाएगा।
किसानों को किया गया सम्मानित
किसानों को बीज, खाद, कृषि यंत्रों पर अनुदान, सरकारी योजनाओं का लाभ और कृषि संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इस पहल का उद्देश्य कागजी कार्रवाई कम करना, प्रक्रियाओं को तेज करना और बिचौलियों को खत्म कर पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ किसानों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उद्यान विभाग की ओर से ‘औद्यानिक विकास कार्यक्रमों की जानकारी नामक पुस्तिका का विमोचन किया गया।