
फर्रुखाबाद।उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिला, जो अब तक आलू उत्पादन के लिए जाना जाता रहा है, वहीं अब यहां के किसान फूलों की खेती से नई पहचान बना रहे हैं। पारंपरिक फसलों से हटकर किसान अब गुलाब उगाकर कम लागत में अच्छी आमदनी हासिल कर रहे हैं। इसी कड़ी में एक किसान की सफलता की कहानी दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है। फर्रुखाबाद के मंशा नगला गांव के रहने वाले युवा किसान ऋषि सैनी पिछले करीब 10 सालों से गुलाब की खेती कर रहे हैं।
खर्च की भी चिंता नहीं
ऋषि सैनी बताते हैं कि गुलाब की खेती में लागत काफी कम आती है। खाद और दवाइयों पर ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ता, जबकि फूलों की मांग सालभर बनी रहती है। खासकर शादी-ब्याह के मौसम में तो गुलाब की बिक्री और बढ़ जाती है। खेत से ही फूल बिक जाते हैं, जिससे बाजार तक ले जाने की झंझट भी कम हो जाती है।
कमाई ही कमाई
कमाई की बात करें तो करीब 10 हजार रुपये प्रति बीघा की लागत में तैयार होने वाली इस फसल से उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता है। बाजार में गुलाब की कीमत करीब 200 रुपये प्रति किलो तक मिल जाती है और रोजाना 15 से 20 किलो तक फूल निकल आते हैं। ऐसे में महीने का मुनाफा 50 से 60 हजार रुपये तक पहुंच जाता है।