गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के किसानों के लिए एक नई उम्मीद की किरण सामने आई है। यहां के प्रगतिशील किसान अमरेंद्र कुमार ने पुणे से एक अनोखा और विदेशी पौधा लाकर स्थानीय खेती में नवाचार की शुरुआत की है। इस पौधे का नाम ‘हास एवोकाडो है, जिसे आमतौर पर एवोकाडो के नाम से जाना जाता है। यह फल न केवल अपने स्वाद के लिए, बल्कि उच्च पोषण मूल्य के कारण भी दुनिया भर में काफी लोकप्रिय है।
200-600 रुपये किलो तक कीमत
अमरेंद्र कुमार द्वारा लाया गया यह पौधा खास तौर पर इजराइल जैसे देशों में बड़े पैमाने पर उगाया जाता है, जहां इसकी खेती आधुनिक तकनीकों के साथ की जाती है। भारत में भी अब इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। बाजार में एवोकाडो फल 200 से 600 रुपये प्रति किलो तक बिकता है।
माना जाता है सुपरफूड
एवोकाडो को सुपरफूड भी कहा जाता है, क्योंकि इसमें विटामिन, मिनरल्स, हेल्दी फैट और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह दिल के स्वास्थ्य, त्वचा और पाचन के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यही कारण है कि शहरी बाजारों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।