कम पानी में उन्नत खेती और बागवानी के तरीके जानेंगे किसान

    27-Mar-2026
Total Views |

भिवानी।हरियाणा के भिवानी में तोशाम के चौधरी सुरेंद्र सिंह खेल स्टेडियम में 31 मार्च और 1 अप्रैल को आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में मरुभूमि के किसानों को सूक्ष्म सिंचाई की तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। सूक्ष्म सिंचाई एवं कमांड क्षेत्र विकास प्राधिकरण की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। भिवानी जिले के पांच खंडों के साथ-साथ प्रदेश के डेंजर जोन में शामिल खंडों से भी किसान प्रदर्शनी में भाग लेंगे।

कम पानी में बागवानी

प्रदर्शनी में कंपनियों की स्टॉलें लगाई जाएंगी जहां सूक्ष्म सिंचाई से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीक और मशीनों का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। मिकाडा की ओर से प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को कम पानी में बागवानी और उन्नत खेती की ओर उन्मुख करना है।

जल स्तर नीचे चला गया

भिवानी जिले के तोशाम, लोहारू, बहल, कैरू और सिवानी में भूमिगत जलस्तर काफी नीचे जा चुका है। ट्यूबवेल और बोरवेल 250 से 350 फीट की गहराई तक पहुंच चुके हैं, लेकिन पानी की गुणवत्ता खेती योग्य नहीं रह गई है। नमकीन पानी से भूमि की उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो रही है, और रोजमर्रा के कार्यों में भी किसान इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।