शिमला।हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस वर्ष सेब की फसल को लेकर बागवानों की चिंता बढ़ गई है। इस बार सेब के पेड़ों पर बहुत कम फूल आए हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। स्थिति यह है कि कई बागवानों ने इस बार न तो परागण के लिए मधुमक्खियों के बॉक्स लगाए हैं और न ही पिंकबड स्टेज पर की जाने वाली स्प्रे की जा रही है।
जानें बागवानों की सलाह
इसका मुख्य कारण यह है कि पेड़ों पर फूल ही बहुत कम हैं, जिससे इन कार्यों का कोई विशेष लाभ नजर नहीं आ रहा। स्थानीय बागवान नीरज ठाकुर, सुरेश शर्मा, रविंद्र चौहान, रमन और सूरत राम ने बताया कि इस बार सेब के पेड़ों पर फूल बहुत कम मात्रा में आए हैं। कई पेड़ों में तो बिल्कुल भी फूल नहीं है।
बागवानों को आर्थिक नुकसान की आशंका
बागवानी के विशेषज्ञों के अनुसार पिछले वर्ष अधिक उत्पादन और समय से पहले पतझड़ होने के कारण इस बार पेड़ों में फूल कम आए हैं। इसके चलते बागवानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। यदि यही स्थिति रही तो उनके लिए सालभर का खर्च निकालना मुश्किल हो जाएगा।