
पलवल।हरियाणा राज्य बागवानी विकास एजेंसी के मिशन निदेशक डॉ. जोगिंद्र सिंह घनघस ने कहा कि घटती भूमि के दौर में किसानों के लिए बागवानी अपनाना समय की मांग है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से कम जमीन पर अधिक और बेहतर पैदावार ली जा सकती है। इससे किसानों की आय में कई गुना वृद्धि संभव है। उन्होंने बृहस्पतिवार को अलावलपुर गांव में आयोजित जिला स्तरीय उद्यान सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की ओर से प्रदेशभर में जागरूकता सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। जिनका उद्देश्य किसानों को बागवानी और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
बागवानी में कम जमीन में ज्यादा पैदावार
बागवानी में कम जमीन में ज्यादा पैदावार और बंपर कमाई पूरी तरह संभव है, जिसके लिए मल्टीलेयर फार्मिंग मचान विधि, वर्टीकल फार्मिंग, और पॉलीहाउस जैसी आधुनिक तकनीकें बेहतरीन हैं। इन तरीकों से एक ही खेत में एक साथ कई फसलें उगाकर और सही प्रबंधन से 3-4 गुना ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है।