महाराष्ट्र के आम और काजू बागवानों को केंद्र सरकार जारी करेगा मुआवजा

    28-Mar-2026
Total Views |

नई दिल्ली।महाराष्ट्र के काजू और आम की बागवानी करने वाले बागवानों को केंद्र सरकार फसलों के नुकसान की भरपाई करेगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय विठोबा भरणे से मुलाकात के बाद भरोसा दिया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र के आम किसानों और काजू उत्पादकों को बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अल्फांसो आम का मंजर अच्छा आया था, लेकिन कई इलाकों में इसे नुकसान पहुंचा है।

महाराष्ट्र के कृषि मंत्री ने की शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात

महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय विठोबा भरणे ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री ने राज्य के तटीय क्षेत्रों में आम एवं काजू की फसलों को असमय वर्षा से हुए नुकसान के बारे में भी केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया।

 राशि जारी करने का निर्देश

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिकतम लाभ राज्य के किसानों के लिए सुनिश्चित किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीड़ित किसानों के नुकसान की भरपाई पीएम फसल बीमा योजना के तहत की जाएगी।