
चेन्नई। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले के फूल उगाने वाले किसान अपनी कुछ अहम मांगें सरकार के सामने रख रहे हैं। किसानों का कहना है कि श्रीरंगम इलाके में एक फूलों का रिसर्च सेंटर बनाया जाए, जैसा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में है। इससे फसलों में लगने वाले कीट और बीमारियों का समय पर पता चल सकेगा और किसानों को सही इलाज मिल पाएगा, जिससे पैदावार बढ़ेगी।
किसानों ने की इत्र यूनिट लगाने की मांग
इसके अलावा किसानों ने यह भी मांग की है कि इलाके में एक इत्र बनाने की यूनिट लगाई जाए। उनका कहना है कि जब फूलों की ज्यादा पैदावार होती है और दाम गिर जाते हैं, तब वे इन्हें इस यूनिट में बेचकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
फूलों के लिए भी केंद्र बनाने की मांग
किसानों का कहना है कि वे हर चुनाव के समय अपनी मांगें उठाते हैं, क्योंकि उनकी आजीविका पूरी तरह फूलों की खेती पर निर्भर है। किसान पेन्नन ने बताया कि जिस तरह यहां केले का रिसर्च सेंटर है, उसी तरह फूलों के लिए भी केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पिछले 20 सालों से इत्र यूनिट की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।