
श्रीनगर।जम्मू-कश्मीर का उधमपुर जिला में स्ट्रॉबेरी की खेती हो रही है। यहां के किसान अब पारंपरिक खेती छोड़कर स्ट्रॉबेरी जैसी महंगी और ज्यादा कमाई वाली फसल की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार की मदद और नई योजनाओं के कारण कई युवा अब खुद का काम शुरू कर रहे हैं। दरअसल, माजलता क्षेत्र के थलोरा गांव के रहने वाले एक प्रगतिशील किसान विनोद शर्मा इसके बेहतर उदाहरण हैं। उन्होंने एक सफल स्ट्रॉबेरी फार्म की स्थापना की है।
12 कनाल जमीन में स्ट्रॉबेरी की खेती
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के प्रगतिशील किसान विनोद शर्मा अपनी 12 कनाल जमीन पर पारंपरिक फसलों से हटकर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की है। उनके इस उद्यम ने न केवल उनके परिवार के लिए अच्छी आजीविका सुनिश्चित की है, बल्कि आज वे एक सफल किसान और उद्यमी बन चुके हैं।
चार महीनें में कमाते हैं लाखों रुपये
पिछले साल अच्छा मुनाफा कमाने के बाद किसान विनोद शर्मा को इस बार भी बढ़िया फसल की उम्मीद है। उनका मानना है कि सिर्फ 4 महीनों में वे लाखों रुपये कमा सकते हैं। यह दिखाता है कि नई खेती तकनीक और सरकार की योजनाओं की मदद से किसान कम समय में ज्यादा कमाई कर सकते हैं।
उधमपुर को स्ट्रॉबेरी हब बनाया जाएगा
उधमपुर के बागवानी अधिकारी बृज वल्लभ गुप्ता के अनुसार उधमपुर को स्ट्रॉबेरी हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में वर्तमान में 62 किसान स्ट्रॉबेरी की खेती में लगे हुए हैं, और विभाग का लक्ष्य जल्द ही इस संख्या को 500 तक पहुंचाना है।