
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में जारी वेट स्पेल के 29 और 30 मार्च को चरम पर रहने की चेतावनी दी है। इन दिनों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर समेत कई भागों में बारिश तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 30 मार्च को कश्मीर घाटी में बारिश और बर्फबारी की अलर्ट किया है। इसके साथ ही 29 और 30 मार्च को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के आसपास के इलाकों में ओलावृष्टी और तेज हवा चलने की संभावना है।
29 मार्च को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि 29 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी भारत में भी बारिश की संभावना
वहीं, पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा मध्य और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।